अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दी चेतावनी बोले- अपने चिरकुट नेताओं से हमारे बारे न बुलवाया करें

 

 

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भरोसा देने के बावजूद सीटें न देने से खफा अखिलेश ने साफ कहा कि सपा भी अब कांग्रेस के साथ ऐसा ही व्यवहार करेगी। विपक्षी गठबंधन के प्रमुख घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को चेतावनी भी दी कि अपने चिरकुट नेताओं से हमारे बारे न बुलवाया करें।

 

सीतापुर होते हुए शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को सपा के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने छह सीटें छोड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक भी सीट नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह स्पष्ट कर देती, तो वह अपने नेताओं को दिग्विजय सिंह से मिलने नहीं भेजते। अब सपा मजबूत प्रत्याशियों को इन सीटों पर उतारेगी।

 

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को पहले ही स्पष्ट कर देना चाहिए था कि तालमेल केवल लोकसभा चुनाव के लिए है न कि विधानसभा चुनाव के लिए। सपा प्रमुख ने कहा कि समय आने पर जब दिल्ली गठबंधन (लोकसभा चुनाव) होगा तो हम भी वही व्यवहार करेंगे जो हमारे साथ मध्य प्रदेश में किया गया।

 

अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व मंत्री आजम खां और उनके परिवार को साजिश के तहत फंसाया गया है। हमें न्यायालय से उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा और वह बाहर आएंगे। प्रदेश की जनता जानती है कि यहां मुस्लिमों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कन्नौज सांसद का वीडियो आया था जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों से मारपीट की थी। बावजूद हल्की धाराएं लगी थीं।

 

उन्होंने कहा कि जज के पास कॉल कर सांसद को सजा न सुनाने की बात कही गई। हम न्यायालय पर अंगुली नहीं उठा रहे। वहीं पुलिसकर्मी भी कह रहे हैं कि उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह जिस घर में रह रहे हैं, उस पर पीआईएल करने वाले को एक जज साहब ने अपने घर में बैठाकर पीआईएल लिखाई थी। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार डेंगू जैसी बीमारियों से लड़ने में सक्षम नहीं है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.