काले जादू की आड़ में महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म; मामले में पांच लोगो को किया गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। काला जादू के नाम पर 35 वर्षीय महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में रविवार को 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़ित महिला के मुताबिक, आरोपियों ने घर के वास्तु दोष और काला जादू के जरिए बुराईयों को दूर करने का वादा किया था। मामले में गिरफ्तार लोग पीड़िता के पति के दोस्त हैं। उन्होंने ही महिला को उसके पति पर कोई बुरा जादू होने की बात कही थी।

 

 

पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, ‘पति के दोस्तों ने ही काला जादू के जरिए दुष्कर्म को अंजाम दिया था।’ उन्होंने बताया कि आरोपियों ने महिला को पति पर बुरा जादू होने की बात कही थी। साथ ही, शांति पाने के लिए कुछ अनुष्ठानों को करने की राय भी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अप्रैल 2018 से पीड़िता के घर आना-जाना शुरू कर दिया था। घर में जब भी पीड़िता अकेली होती तो अनुष्ठान करने की बात करते थे। इस दौरान वे पंचामृत में नशीला पेय मिलाकर महिला को पिला देते थे। जिसके बाद सभी आरोपी दुष्कर्म जैसे कृत्य को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक, पति की स्थायी सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने के नाम पर अनुष्ठान किया जाता था। जिसके जरिए वे महिला से पैसा और सोना भी लूट लेते थे। 2019 में ठाणे के येऊर जंगल में, फिर कांदिवली में मुख्य आरोपी के मठ में, लोनावाला के एक रिसॉर्ट में पीड़ित महिला के साथ दुष्कर्म किया गया था ।

11 सितंबर को पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को तहरीर देने के बाद पाचों आरोपियों रवींद्र भाटे, दिलीप गायकवाड़, गौरव साल्वी, महेंद्र कुमावत और गणेश कदम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि पांचों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) 376 (2) (एन) (एक ही महिला से बार-बार दुष्कर्म करने का अपराध) ,420 (धोखाधड़ी) की धाराएं लगाई गई है। जिसके तहत इन आरोपियों पर कार्रवाई की गई है। बता दें कि महाराष्ट्र में मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट, अघोरी प्रथाओं, काला जादू रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम 2013 भी लागू किया गया है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.