जानिए दो बेबस मां की दर्दनाक कहानियां, एक बेटे को लिवर देने को तैयार, पर ट्रांसप्लांट के लिए पैसे नही तो दूसरी बोनमैरो ट्रांसप्लांट का नहीं उठा पा रही खर्च

एमपी के भोपाल में दो मायें गरीब बेबस और मजबूर हैं लेकिन उनका दिल उम्मीदों से भरा हुआ है। दोनों के बच्चों को गंभीर बीमारियां हैं। इनमें से एक मां के बेटे को दुर्लभ अनुवांशिक विल्सन डिजीज है। ये मां पहले ही अपने दो बच्चों को खो चुकी है। अब तीसरे बच्चे को बचाने की खातिर अपना लिवर देने को तैयार है, लेकिन पैसे नहीं होने के कारण ट्रांसप्लांट नहीं हो पा रहा है। दूसरी ओर ऐसी ही एक मां का बेटा थैलेसीमिया से जूझ रहा है। उसके बेटे का बोनमैरो ट्रांसप्लांट होना है।

दोनों का कहना है कि ईश्वर न करें उनके बच्चों को कुछ हो गया तो उनकी गोद सूनी हो जाएगी। अनुवांशिक विल्सन डिसीज से जूझ रहे 6 वर्षीय बच्चे के इलाज में 25 लाख का खर्च आएगा। वहीं बोनमैरो ट्रांसप्लांट का खर्चा डॉक्टरों ने 30 लाख 75 हजार रुपए बताया है।

निजी अस्पताल में अपने बेटे का इलाज करा रही सुनीता मेवाड़ा ने बताया कि उसके पहले भी दो बच्चों की मौत इस बीमारी से हो चुकी है। अब तीसरे बेटे 6 वर्षीय देशराज को भी उसके भाइयों जैसी बीमारी हो गई है। वह बेटे को अपना लिवर देने को तैयार है, लेकिन ट्रांसप्लांट के लिए रुपए नहीं हैं। उसे बच्चे की जान बचाने के लिए 25 लाख रुपए की जरूरत है। मां ने समाजसेवियों से बच्चे की जान बचाने की गुहार लगाई है।

अस्पताल के डॉ. गुर सागर सिंह सहोता ने बताया कि यह बीमारी शरीर को अतिरिक्त तांबा निकालने से रोकती है। यह अमूमन वयस्कों में देखी जाती है, लेकिन 6 साल के बच्चे में यह बीमारी देखने को मिली है। ऐसे केस बहुत कम होते हैं। अभी बच्चे के पेट में पानी भर रहा है जिसे बार-बार निकला जा रहा है।

9 माह में थैलेसीमिया हो गया था

बेटे की सेहत को लेकर फिक्रमंद मां भगवती चौरसिया के मुताबिक उनके इकलौते बेटे आदि चौरसिया को 9 माह की उम्र में थैलेसीमिया हुआ है। उसे लगातार बुखार आता था तो कई जगह दिखाया लेकिन बुखार नहीं उतरता था। ग्वालियर के अस्पताल में दिखाया तब पता चला उसे थैलेसीमिया है। उसे हर 15 दिन में ब्लड चढ़ाया जाता है। भगवती चौरसिया ने बताया कि उनके पति राजीव रंजन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी है। उन्हें अपने बेटे की जान बचाने के लिए बोनमैरो ट्रांसप्लांट कराना है। यह दिल्ली के अपोलो अस्पताल में होना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.