कोरोनावायरस / भारत: 34 मामले सामने आए चीन के बाद इटली में सबसे ज्यादा 233 लोगों की जान गई, 18 देशों में अब तक 3559 लोगों की मौत

बीजिंग/रोम. चीन में कोरोनावायरस का प्रभाव घटता जा रहा है। यहां शनिवार को केवल 27 लोगों की जान गई है, जबकि संक्रमण के 41 मामले सामने आए हैं। सभी मामले देश के सबसे ज्यादा प्रभावित हुबेई प्रांत के हैं। वहीं, चीन के बाद सबसे ज्यादा इटली में 233 लोग मारे जा चुके हैं। यहां 5883 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, चीन के बाहर 21,114 लोग संक्रमित हुए हैं और 413 लोगों की मौत हुई है। चीन के हेल्थ कमीशन ने रविवार को कहा कि शनिवार को अस्पताल से 1660 लोगों को छुट्टी मिली। यहां अब तक 57,065 नागरिक ठीक हो चुके हैं। चीन में सबसे ज्यादा हुबेई प्रांत में 67707 लोग संक्रमित हुए हैं। यहां का वुहान शहर कोरोनावायरस का केंद्र रहा है।

कैलिफोर्निया के बाद न्यूयॉर्क में इमरजेंसी लगी

अमेरिका के न्यूयॉर्क में शनिवार को कोरोनोवायरस के मामले बढ़कर 76 हो गए। इसके बाद वहां के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर में 11, न्यूयॉर्क के वेस्टचेस्टर काउंटी में 57, लॉन्ग आइलैंड के नासाओ काउंटी में चार, रॉकलैंड काउंटी और साराटोगा काउंटी में 2-2 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इससे पहले कैलिफोर्निया में भी इमरजेंसी लगाई गई थी।

दुनियाभर में कोरोना की स्थिति

एशिया: दक्षिण कोरिया में 7134, ईरान में 5823 चपेट में हैं

एशिया में दक्षिण कोरिया, ईरान सबसे ज्यादा इससे प्रभावित है। ईरान में संक्रमितों की संख्या 5823 और मौतों का आंकड़ा 145 हो गया है। दक्षिण कोरिया में 7134 केस सामने आए हैं, वहीं 44 लोग मारे गए हैं। द.कोरिया के दाएगू शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 5 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जापान में संक्रमण के 1116 मामले सामने आए हैं, जबकि 12 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, भूटान में कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया है। एक अमेरिकी पर्यटक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 76 साल का अमेरिकी नागरिक दो मार्च को भारत से भूटान आया था। 5 मार्च को बुखार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया

भारत: 34 मामले सामने आए

भारत में कोरोनावायरस के 34 मामले सामने आए हैं। शनिवार को अमृतसर में इटली से लौटे दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। दोनों मरीज और उनके परिजन को आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं, ईरान से लद्दाख लौटे दो लोगों और ओमान से तमिलनाडु लौटे एक व्यक्ति भी संक्रमित मिला वायरस के संक्रमण की जांच के लिए देशभर 52 लैब बनाई गई हैं, इनमें से 2 दिल्ली में हैं। दूसरी ओर, सरकार के निर्देश पर टेलीकॉम कंपनियां रिंगटोन में अवेयरनेस मैसेज चला रही हैं। सरकार ने साफ किया है कि विदेश से आने वाले यात्रियों की 9 और एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग की जा सकेगी। लिहाजा ऐसे एयरपोर्ट्स की संख्या 21 से बढ़कर 30 हो गई है। उधर, केंद्र सरकार के दफ्तरों में 31 मार्च तक बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगा दी गई है।

चीन के निर्यात में गिरावट
कोरोनावायरस के चलते बीते दो महीनों में चीन के कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। निर्यात में 17.2% की गिरावट आई है। यह फरवरी 2019 के दौरान अमेरिका से ट्रेड वॉर के बाद से सबसे बड़ी गिरावट है। चीन के आयात में भी 4% की कमी आई है।

यूरोप

अमेरिका में मृतकों की संख्या 19 हुई

अमेरिका में कोरोनावायरस से 19 लोगों की जान गई है। 417 लोग संक्रमित हैं। इसके बाद ट्रम्प सरकार अब इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए सेना को बुलाने पर विचार कर रही है। मरने वालों में ज्यादतर जापान के डायमंड प्रिंसेज शिप से लौटे यात्री हैं। अमेरिका लाए गए लोगों को फिलहाल क्वारैंटाइन (अलग-थलग) किया गया है। कैलिफोर्निया के तट से दूर प्रिंसेज शिप पर हेलीकॉप्टर से मेडिकल किट पहुंचाई जा रही है।

इटली में 233 लोगों की मौत हुई

इटली में कोरोनावायरस से 233 लोगों की मौत के बाद पर्यटकों ने यहां जाना बंद कर दिया है। इसका असर भी दिख रहा है। वेनिस शहर की ग्रैंड कैनाल पूरी तरह खाली हो गई है, यह हमेशा सैलानियों से भरी होती थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.